पैरामिलिट्री फोर्स : कोचिंग के लिए 50 छात्राओं का चयन


पैरामिलिट्री फोर्स की परीक्षाओं की कोचिंग के लिए भोपाल जिले की 50 छात्राओं का चयन हो गया है। शिक्षकों की तो व्यवस्था एक्सीलेंस के प्रिंसिपल ने कर ली है, लेकिन फिजीकल ट्रेनर की जरूरत है। लोक शिक्षण विभाग के आदेश में जिला शिक्षा अधिकारी को इस संबंध में पुलिस और एनसीसी के अधिकारियों से बातचीत कर फिजीकल ट्रेनर की व्यवस्था करना है। उम्मीद जताई जा रही है कि अक्टूबर के अंत तक यह क्लास शुरू हो जाएंगी।



शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 300 छात्राओं में से शारीरिक दक्षता परीक्षा पास करने वालीं 74 छात्राओं की शुक्रवार को लिखित परीक्षा हुई थी। छात्राओं को पेपर हल करने के लिए 2 घंटे का समय दिया गया था। लिखित परीक्षा में सामान्य ज्ञान, गणित, हिंदी और अंग्रेजी विषय से जुड़े प्रश्न थे। उत्तर पुस्तिकाओं की जांच करने के लिए 6 शिक्षकों को लगाया गया था।


शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रिंसिपल सुधाकर पाराशर के अनुसार चयनित 50 छात्राओं की सूची जिला शिक्षा अधिकारी को भेज दी गई है। ट्रेनर का चयन होते ही क्लास शुरू हो जाएंगी।



लोक शिक्षण विभाग ने छात्राओं को कोचिंग के लिए 10 सितंबर से 10 जनवरी तक का समय तय किया था। हालांकि इसे एक महीने देरी से शुरू किया गया है। ऐसे में या तो कोचिंग का समय कम करना होगा या फिर जनवरी की अपेक्षा इसे फरवरी तक करना होगा।